दिल्ली विधानसभा चुनाव के 5 प्रत्याशी अरबपति, 2 प्रत्याशियों की संपत्ति ‘शून्य’
![Delhi Election Richest Candidate](https://jairashtranews.com/wp-content/uploads/2025/01/Delhi-Election-Richest-Candidate.jpg)
दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) में उतरे प्रत्याशियों की आर्थिक स्थिति का खुलासा हुआ है। प्रत्याशियों द्वारा चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे के अनुसार इस चुनाव में भाजपा के तीन, कांग्रेस और आप पार्टी का एक-एक प्रत्याशी अरबपति हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की एक रिपोर्ट के अनुसार, शकूर बस्ती से भाजपा (BJP) प्रत्याशी करनैल सिंह सबसे अमीर (Delhi Election Richest Candidate) हैं, वहीं मटियाला विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार योगेश और इसी सीट से राष्ट्रीय रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर सिंह सबसे गरीब हैं। दिल्ली चुनाव में 125 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो करोड़पति हैं। आइए, जानते हैं सबसे अमीर और सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशियों के बारे में।
सबसे अमीर और सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशी
करनैल सिंह
भाजपा की टिकट पर शकूरबस्ती से चुनाव लड़ रहे करनैल सिंह दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) के सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार इनके पास करीब 260 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 92 लाख 36 हजार 90 रुपये की चल संपत्ति और 259 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। इसके अलावा अमेरिकी बैंक में 5 लाख 14 हजार 600 रुपये, 10 लाख रुपये की हीरे की एक घड़ी, 60 ग्राम सोना, 2 लाख रुपये की अंगूठी और 72 हजार रुपये की नकदी है। करनैल सिंह के पास अचल सपंत्तियों में अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में तीन बंगले के साथ हरियाणा में कई फार्महाउस भी हैं।
मनजिंदर सिंह सिरसा
भाजपा (BJP) के ही टिकट पर राजौरी गार्डन से चुनाव लड़ रहे मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली चुनाव में दूसरे सबसे अमीर प्रत्याशी (Delhi Election Richest Candidate) हैं। इनके पास कुल 249 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें चल सपंत्ति 74 करोड़ 5 लाख 52 हजार 444 रुपये और अचल संपत्ति की कीमत लगभग 175 करोड़ रुपये है। सिरसा के पास 3 लाख 69 हजार 123 रुपये नकदी भी है। साथ ही 98 लाख 50 हजार कीमत के छह वाहन और 550 ग्राम सोना और हीरा है।
गुरचरण सिंह राजू
कृष्णानगर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे गुरचरण सिंह राजू दिल्ली के तीसरे अरबपति प्रत्याशी हैं। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार, इनके पास करीब 130 करोड़ की संपत्ति है। इसमें 52 करोड़ 90 लाख 52 हजार रुपये कीमत की चल संपति और 78 करोड़ रुपये कीमत की अचल संपत्ति है। इसके अलावा
गुरचरण सिंह राजू के पास 4.5 किलोग्राम सोना और एक लाख रुपये कैश है। इनकी पत्नी के पास 6 किलो सोना है।
प्रवेश सिंह वर्मा
नई दिल्ली सीट से केजरीवाल (Kejriwal) के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा (BJP) प्रत्याशी प्रवेश वर्मा पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। इनके पास कुल 115 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। हलफनामे के अनुसार, इसमें 96 करोड़ 52 लाख 83 हजार 180 रुपये की चल संपत्ति और 19.11 करोड़ की अचल संपत्ति है। प्रवेश वर्मा के पास 200 ग्राम सोना और दो गाड़ियां भी हैं।
धनवती चंदेला
राजौरी गार्डन से चुनाव लड़ रहीं धनवती चंदेला आप पार्टी की एक मात्र अरबपति प्रत्याशी (Delhi Election Richest Candidate) हैं। इन्होंने अपने हलफनामे में चुनाव आयोग को कुल 109 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति का ब्यौरा दिया है। इसमें 4 करोड़ 30 लाख कीमत की ज़मीन, 6 लाख 89 हजार 680 रुपये की नकद, दो लग्जरी वाहन, 4.1 किलोग्राम सोना और 4 किलो चांदी है। वहीं कुल परिवारिक संपत्ति में 9 करोड़ 76 लाख 5,522 रुपये की चल संपत्ति और एक अरब 14 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।
सबसे कम आय वाले प्रत्याशी
योगेश
मटियाला विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार योगेश दिल्ली विधानसभा (Delhi Assembly Election) के एक ऐसे उम्मीदवार हैं जिनके पास न तो नकदी है और न ही चल-अचल संपत्ति। हलफनामे में इन्होंने अपनी आय का स्रोत व्यवसाय बताया है।
मोहिंदर सिंह
मटियाला से ही राष्ट्रीय रिपब्लिकन पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे मोहिंदर सिंह के पास भी न तो कोई चल और अचल संपत्ति है और न ही नगदी। पेशे से लैब टेक्निशियन मोहिंदर सिंह की पत्नी शिक्षक हैं।
इसे भी पढ़ें: ‘आतिशी’ का दिल्ली CM की कुर्सी तक पहुंचने का सफर है फिल्मी, 5 साल में विधायक से सबसे ताकतवर मंत्री, फिर मुख्यमंत्री
अशोक कुमार
आंबेडकरनगर सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अशोक कुमार के पास कुल 1101 रुपये हैं। इसमें से 601 रुपये बैंक में जमा है और 500 रुपये नकदी है। सबसे खास बात यह है कि अशोक कुमार आंबेडकरनगर के पूर्व विधायक रह चुके हैं।
शबाना
सीलमपुर सरीट से चुनाव लड़ रही शबाना भी दिल्ली चुनाव के गरीब प्रत्याशियों की लिस्ट में आती हैं। राष्ट्रीय रिपब्लिकन पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरी शबाना के पास कोई चल और अचल संपत्ति नहीं है। इनके पास मात्र 16 हजार 500 रुपये की नकदी है।
अनीता
नई दिल्ली विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रही अनीता के पास पांच हजार रुपये की नकदी है। इसके अलावा बैंक खाते में 1500 रुपये और पति के पास तीन हजार रुपये की चल संपत्ति है।
#DelhiElection #DelhiAssemblyElection2025 #ADR #DelhiElectionRichestCandidate