नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। बुधवार, 18 नवंबर को एक युवक बिना टिकट और वैध यात्रा दस्तावेजों के जबरन टर्मिनल में घुस गया। प्रवेश द्वार पर मौजूद CISF जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे कुछ ही सेकंड में पकड़ लिया। आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जवान को धक्का देकर अंदर घुसा युवक
घटना 18 नवंबर को दोपहर करीब 3:05 बजे टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट नंबर 3A पर हुई।
CISF जवान ने टिकट और दस्तावेज नहीं होने के कारण युवक को प्रवेश करने से रोका। इसके बावजूद उसने सुरक्षाकर्मी को धक्का देकर अंदर जाने की कोशिश की।
असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर काशीनाथ प्रामाणिक और क्विक रिएक्शन टीम के कांस्टेबल बिमल एक्का ने अन्य जवानों की मदद से उसे तुरंत पकड़ लिया।
विदेश जाना चाहता था आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी कुणाल एक एथलीट है और पश्चिम बंगाल में प्रशिक्षण ले रहा था।
पूछताछ में सामने आया कि वह विदेश जाना चाहता था, लेकिन उसके पास न तो वैध वीजा था और न ही यात्रा टिकट।
उसके बैग से पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन और शैक्षणिक प्रमाणपत्र बरामद किए गए।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
एयरपोर्ट पर हुई यह घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। CISF ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।
वीडियो में युवक सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर आगे बढ़ता दिखाई देता है। हालांकि, अंदर मौजूद जवान उसे तत्काल काबू कर लेते हैं।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मामला
IGI एयरपोर्ट के पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर के अनुसार, CISF की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस युवक के प्रवेश करने के उद्देश्य और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।
स्रोत: PTI, NDTV, अमर उजाला, इंडिया टुडे।
जय राष्ट्र न्यूज़

