दिवाली के बाद छठ महापर्व के बीच अब मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है. अक्टूबर बीतने को है, लेकिन हल्की सिहरन के बावजूद दिन में अभी भी गर्मी का एहसास हो रहा है. ऐसा लगता है कि ठंड अभी दूर है. मगर अब, प्रकृति का इरादा कुछ और ही है. एक तरफ बंगाल की खाड़ी में ‘मोंथा’ चक्रवात विकराल रूप ले रहा है. इससे देश के कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में भी बारिश और ठंड की अचानक दस्तक होने वाली है. यह मौसम का बदलाव, लाखों लोगों के लिए एक अचानक चुनौती और शीत ऋतु के आगमन का पहला संकेत है.
पूर्वी मध्य अरब सागर और दक्षिण पूर्वी बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती सिस्टम 24 घंटे में चक्रवाती तूफान में बदल सकते हैं. अगले 48 घंटों में इसके गंभीर चक्रवाती तूफान मोंथा में बदलने और शाम या रात तक आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके से टकराने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान वर्तमान में पोर्ट ब्लेयर से करीब 620 किमी पश्चिम में, चेन्नई से 780 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व में और विशाखापट्टनम से 830 किमी दक्षिण-पूर्व में है. इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़न के साथ गंभीर चक्रवात का रूप लेने की पूरी संभावना है.
दिल्ली से बिहार तक मौसम (IMD Weather Update)
दिल्ली-एनसीआर में आज पूरे दिन बादल छाए रहने की उम्मीद है, जबकि शाम होते-होते हल्की बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट है. बिहार में आज मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कल झमाझम बारिश होने की संभावना है.
छठ पूजा पर न पड़े मौसम का साया
IMD ने मोंथा चक्रवाती तूफान के कारण आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में 27 से 30 अक्टूबर तक के लिए अलर्ट (IMD Weather Alert) जारी किया है. इतना ही नहीं इसके लिए सेना को अलर्ट कर दिया गया है. वहीं छठ पूजा के बीच उत्तर भारत और बिहार के कई जिलों में बारिश और हवाओं की आशंका है. पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी के चक्रवात का असर बिहार में भी देखने को मिलेगा. अगले कुछ दिनों में भागलपुर, गया, पटना, मुज़फ्फरपुर में तेज हवा और बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग का अलर्ट (Weather By Cyclone Montha)
बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ (संभावित लैंडफॉल 29 अक्टूबर को आंध्र तट पर) आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के लिए रेड अलर्ट और 100 KMPH की हवाओं का खतरा लेकर आ रहा है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली-एनसीआर (27-28 अक्टूबर), यूपी (27-30 अक्टूबर) और बिहार (29-31 अक्टूबर) में बारिश और तापमान में भारी गिरावट लाएगा. यह दोहरी मौसमी गतिविधि, मानसून की विदाई के बाद भी देश के विभिन्न हिस्सों में तूफानी बारिश और अचानक ठंड की शुरुआत कर रही है, इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है.



