बस में आग लगने से 20 यात्रियों की मौत, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

बस में आग लगने से 20 यात्रियों की मौत, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर एक निजी बस में अचानक आग लग गई, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. बस में कुल 57 यात्री सवार थे और यह जोधपुर की ओर जा रही थी.

शुरुआती जांच में चौंकाने वाली बात

हादसे की शुरुआती जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है. पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है कि बस में आग पटाखों के विस्फोट के कारण लगी. राजस्थान सरकार के मंत्री गजेन्द्र सिंह खिमसर ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा भयावह हादसा पहले कभी नहीं देखा. उन्होंने कहा कि बस में विस्फोट हुआ था और FSL टीम इसकी जांच करेगी.

मंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि कुछ यात्री पटाखों के साथ यात्रा कर रहे थे, जिससे आग फैल गई और बस में जोरदार धमाका हुआ. बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और अंदर का सारा सामान भी नष्ट हो गया.

जैसलमेर पुलिस का क्या कहना है?

जैसलमेर पुलिस के मुताबिक, बस जैसे ही हाईवे पर आगे बढ़ी, चालक ने देखा कि पीछे से धुआं उठ रहा है. उसने बस रोकने की कोशिश की लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई. स्थानीय लोग, राहगीर और सेना के जवानों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को पहले जवाहर अस्पताल, जैसलमेर और फिर गंभीर स्थिति में जोधपुर शिफ्ट किया गया.

बीजेपी विधायक ने क्या बताया?

बीजेपी विधायक प्रताप पुरी ने बताया कि 19 लोग बस में ही जिंदा जल गए और एक यात्री ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान डीएनए टेस्ट से ही संभव है. जिला प्रशासन ने डीएनए प्रक्रिया शुरू कर दी है.

कलेक्टर ने दिए निर्देश

कलेक्टर प्रताप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों का तुरंत इलाज हो और हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाएं ताकि परिवारों को मदद मिल सके.

पीड़ित परिजनों को सहायता राशि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताया.

सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तुरंत जैसलमेर पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाए. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “यह घटना अत्यंत दुःखद है, मेरी संवेदनाएँ मृतकों के परिजनों के साथ हैं.”

Translate »