बुरहानपुर में करंट से युवक की मौत

बुरहानपुर में करंट से युवक की मौत

बुरहानपुर में करंट से युवक की मौत: खेत की रखवाली के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, जंगली सूअरों से बचाने लगाए गए थे तार

बुरहानपुर। जिले के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत निंबोला थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां ग्राम अंबा के मलगांव निवासी एक युवक की खेत में करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने खेत के पास पहुंचा और जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए बिछाए गए करंट युक्त तारों की चपेट में आ गया। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ग्रामीण इलाकों में आम हो रहा करंट का जुगाड़

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ समय से इलाके में जंगली सूअरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सूअरों के झुंड खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुँचा रहे हैं। इससे परेशान किसान सुरक्षा के लिए खेतों के चारों ओर बिजली के तार बिछा रहे हैं और उनमें करंट प्रवाहित कर देते हैं। यह तरीका भले ही फसलों को बचा लेता हो, लेकिन इंसानों और पालतू जानवरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही निंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुँची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खेत में करंट डालने के लिए किसकी जिम्मेदारी थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बढ़ती घटनाओं से ग्रामीण दहशत में

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब करंट से किसी की मौत हुई हो। आए दिन इस तरह की घटनाएं सुनने को मिल रही हैं। जंगली सूअरों के आतंक और किसानों की मजबूरी के चलते खेतों में करंट फैलाने का तरीका ग्रामीणों में आम होता जा रहा है। प्रशासन के पास इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है, जिससे ग्रामीण खुद के स्तर पर सुरक्षा इंतज़ाम कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने की प्रशासन से मांग

ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से अपील की है कि जंगली सूअरों से फसलों को बचाने के लिए ठोस और सुरक्षित व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते समाधान नहीं किया गया तो इस तरह के हादसे और भी बढ़ सकते हैं।

Translate »