तेजस्वी यादव के बड़े चुनावी वादे: माई-बहिन योजना, जीविका दीदियों को स्थायित्व और पुरानी पेंशन की बहाली

महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने पहले चरण के चुनाव प्रचार के थमने से पहले कई बड़े वादे किए हैं. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है और वोट परिवर्तन के लिए पड़ेगा. तेजस्वी ने कहा कि लोग पुरानी सरकार को हटाने का मन बना चुके हैं.

तेजस्वी यादव का वादा

तेजस्वी यादव ने वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनी तो सबसे पहले माई-बहिन मान योजना लागू की जाएगी. इसके तहत मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी को माताओं और बहनों के खाते में पूरे साल का 30 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों को इस सरकार में बहुत शोषण झेलना पड़ा है लेकिन उनकी सरकार उन्हें सम्मान देगी.

जीविका दीदी और कैडर दीदी को भी तोहफा

तेजस्वी ने बताया कि जो जीविका दीदी कम्युनिटी मोबिलाइज़र के रूप में काम कर रही हैं, उन्हें स्थायी किया जाएगा और 30 हजार रुपया सालाना मानदेय दिया जाएगा. इसके अलावा जो कैडर दीदी हैं उन्हें 2 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेगा. साथ ही 5 लाख रुपये का बीमा और ब्याज माफी की सुविधा भी दी जाएगी

पेंशन योजना को फिर से लागू करने का वादा

उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने का वादा भी किया. साथ ही यह भी कहा कि पुलिसकर्मी, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी या अन्य सरकारी कर्मचारी हों उनकी ट्रांसफर पोस्टिंग उनके गृह जनपद से 70 किलोमीटर के दायरे में ही की जाएगी ताकि वे अपने परिवार के पास रह सकें.

दो चरणों में चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में हो रहे हैं. पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को आयोजित किया जाएगा. वहीं 14 नवंबर को मतगणना की तारीख है. पहले के चुनावों में बिहार में 3 से 6 चरणों में मतदान होता था लेकिन इस बार केवल दो चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं.

Translate »