शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में दर्दनाक हादसा देखने को मिला. जहां एक बस हादसे का शिकार हो गई. बस और बाइक की इस भिडंत में कई लोगों की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस भीषण हादसे में अबतक 12 लोगों की मौत हो चुकी है. मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है.
दरअसल, आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले के कल्लुर मंडल में ये दर्दनाक हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक ये बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी. जब यह बस चिंन्णाटेकुर इलाके में पहुंची तभी बस के सामने बाइक आ गई. बाइक को बचाने के चक्कर में ये भयानक हादसा हो गया.
इमरजेंसी एग्जिट से लोग निकले बाहर
हादसा इतना भयंकर था की पूरी बस कुछ ही मिनट में जलकर राख हो गई. इस हादसे में बस में दर्जनों लोग सवार थे. सूत्रों के अनुसार इस हादसे के दौरान कई लोग बस की इमरजेंसी एग्जिट से बाहर निकलने में कामयाब हो गए. वहीं कई लोग बस के अंदर फंस गए. जिसकी वजह से एक दर्जन लोग आग में जिंदा जल गए.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कर्नूल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उनका उपचार चल रहा है.
पुलिस ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया. जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गईं. पुलिस फिलहाल यह पता करने में जुटी है कि इस कावेरी ट्रैवेल्स की बस में कितने लोग सवार थे.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जताया शोक
इस हादसे पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और पीड़ितों को पूरी मदद करने का भरोसा दिलाया
जगनमोहन रेड्डी ने भी दुख जताया
वहीं इस दर्दनाक हादसे पर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और YSRCP के मुखिया जगनमोहन रेड्डी ने भी दुख जताया. उन्होंने कहा कि इस बस हादसे की खबर बहुत दुखद है. हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. मैं सरकार से घायलों और प्रभावित लोगों की पूरी मदद करने और इलाज की सुविधा की मांग करता हूं.
बता दें कि, यह बस कावेरी ट्रैवेल्स की थी, जो हैदराबाद से बेंगलुरू जा रही थी. इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.





