दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में मौसम का अचानक बदलाव, पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी 

दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में मौसम का अचानक बदलाव, पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी

दिल्ली-NCR से लेकर यूपी-बिहार तक कल शाम मौसम ने अचानक करवट बदल दी. अचानक काले बादलों ने आसमान को ढक लिया और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई. इससे न केवल तापमान में गिरावट आई बल्कि ठंड का अहसास भी लोगों ने महसूस किया. मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक, आज भी पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है.

दिल्ली में बारिश और ठंड का असर

दिल्ली में मॉनसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है. आज राजधानी और एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है. कल हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई.

IMD के अनुसार, आज और कल की बारिश से राजधानी में लोगों को ठंड का असर महसूस होगा. हालांकि, कल से दिल्ली का मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू हो जाएगा.

उत्तर प्रदेश का मौसम भी बदलेगा

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर चल रहा था. लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आज से बारिश का यह सिलसिला रुक जाएगा और राज्य में एक बार फिर हल्की गर्मी का अहसास होगा.

IMD के अनुसार, 13 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि यह गर्मी ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिकेगी और तापमान में गिरावट के बाद लोगों को ठंडी हवा महसूस होने लगेगी.

बिहार में ठंड और हल्की बारिश की संभावना

बिहार में इस समय गुलाबी ठंड का असर देखा जा रहा है. खगड़िया, मुंगेर, जमुई, भागलपुर और बांका जैसे जिलों में आज हल्की बारिश होने की संभावना है. पूरे राज्य में सुबह और शाम का मौसम ठंडा रहेगा. अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी का खतरा

हिमाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है और मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में भी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी वर्षा के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. इस वजह से पहाड़ी इलाकों में ठंड में और बढ़ोतरी होगी और यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Translate »