पटना मेट्रो का उद्घाटन आज, नीतीश कुमार करेंगे आईएसबीटी से भूतनाथ तक ब्लू लाइन की शुरुआत

बिहार की राजधानी पटना को सोमवार को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना मेट्रो के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे. यह मेट्रो कॉरिडोर ISBT (पाटलिपुत्र अंतरराज्यीय बस टर्मिनल) से भूतनाथ तक फैला हुआ है और इसे ब्लू लाइन कहा जा रहा है. इस लाइन के तीन प्रमुख स्टेशन हैं- आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ, जो यात्रियों को शहर के अहम हिस्सों से जोड़ेंगे.

अगस्त महीने में ट्रायल में हुई देरी के बाद आखिरकार अधिकारियों ने मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दे दी है. पटना मेट्रो कल, यानी 7 अक्टूबर से जनता के लिए दौड़ेगी.

इस ब्लू लाइन कॉरिडोर की लंबाई 4.3 किलोमीटर है और इसे बिहार सरकार के सहयोग से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (DMRC) ने तैयार किया है. मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद शहर की बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक की समस्या में काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

कॉरिडोर-2 और इसकी सुविधाएं

पटना मेट्रो का कॉरिडोर-2 हिस्सा 14.5 किलोमीटर लंबा है और इसमें पांच एलिवेटेड तथा सात अंडरग्राउंड स्टेशन शामिल हैं. यह कॉरिडोर पटना जंक्शन को आईएसबीटी से जोड़ता है. प्रत्येक मेट्रो ट्रेन में तीन डिब्बे होंगे जो आईएसबीटी से भूतनाथ तक जाएगी और फिर डिपो लौटेगी. ट्रेन की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे है और मेट्रो सेवा सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी.

डिब्बों में 158 यात्रियों के बैठने की क्षमता है, जिसमें महिलाओं और दिव्यांगों के लिए 12 आरक्षित सीटें हैं. खड़े होने की जगह 940 लोगों के लिए है. आधुनिक डिब्बों में मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, एमर्जेंसी गेट और दो हिस्सों में बंटे स्लाइडिंग दरवाजे जैसी सुविधाएं हैं. यात्रियों को स्टेशन पर मेट्रो कार्ड और टोकन मिलेंगे, जिनका किराया 15 रुपये से 30 रुपये तक रहेगा.

बिहार की सांस्कृतिक छाप

पटना मेट्रो में बिहार की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया गया है. हर कोच में गोलघर, महावीर मंदिर और बुद्ध की आकृतियों जैसी झलकियाँ हैं, जिन्हें केसरिया रंग में रंगा गया है. यह न केवल एक यातायात सुविधा है, बल्कि पटना की सांस्कृतिक पहचान को भी उजागर करता है.

पटना देश का 24वां ऐसा शहर बन गया है, जहाँ मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है. अब शहरवासियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलने वाला है.

Translate »