देशभर में बदलते मौसम के साथ ठंड भी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है. कई राज्यों में मौसम विभाग ने ठंडी सर्द हवाओं, यानी कोल्ड वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली-NCR में ठंड के साथ-साथ प्रदूषण की मार भी झेलनी पड़ रही है. आने वाले दिनों में तापमान और गिरने के साथ कोहरे का सिलसिला शुरू हो सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है. इस बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है. इतना ही नहीं, आने वाले पूरे हफ्ते में कई जगहों पर बर्फबारी होने की भी संभावना जताई गई है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार बढ़ा हुआ है और राजधानी का AQI 400 से अधिक दर्ज किया गया है, जो “गंभीर श्रेणी” में आता है. इस बीच, IMD ने दिल्ली में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है, हालांकि आसमान साफ रहेगा.
दिल्ली में अचानक ठंड बढ़ने का कारण लगभग 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं को माना जा रहा है. इन हवाओं की वजह से सुबह और रात के समय तापमान तेजी से गिर रहा है और ठंडक महसूस की जा रही है.
यूपी में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे राज्य उत्तर प्रदेश में भी मौसम धीरे-धीरे करवट ले रहा है और ठंड का असर बढ़ रहा है. दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन शाम होते ही ठंड का असर बढ़ जाता है. फिलहाल मौसम विभाग ने यूपी के लिए किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया है. आने वाले पूरे हफ्ते राज्य का मौसम साफ रहने की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 16 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय होगा, जिससे हवाओं के साथ हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं. इसी दौरान मैदानों में घना कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है.
वहीं, IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग माइनस 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.



