गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई है. मंगलवार देर रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. 79 वर्षीय रवि नाइक लंबे समय से गोवा की राजनीति में सक्रिय थे और कई अहम पदों पर रह चुके थे.
प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा,
“गोवा सरकार में मंत्री रवि नाइक जी के निधन से दुखी हूं. उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने गोवा के विकास पथ को समृद्ध बनाया. वे खासतौर से वंचितों और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित थे.”
रवि नाइक का योगदान अहम- PM Modi
PM मोदी ने आगे कहा कि रवि नाइक का योगदान गोवा की सामाजिक और आर्थिक प्रगति में अहम रहा है. उन्होंने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लिया. प्रधानमंत्री ने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा,
“दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं. ॐ शांति.”
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दी श्रद्धांजलि
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत कई नेताओं ने भी रवि नाइक को श्रद्धांजलि दी और उन्हें एक दूरदर्शी नेता बताया. उनका पार्थिव शरीर पोंडा स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे.
रवि नाइक का जाना गोवा की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है. उन्होंने जिस समर्पण और ईमानदारी से जनता की सेवा की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा. उनका जीवन एक सच्चे जनसेवक की मिसाल है.



