राकेश टिकैत ने सरकार को घेरा

फर्रुखाबाद में किसानों की महापंचायत, राकेश टिकैत ने सरकार को घेरा

फर्रुखाबाद। जिले में रविवार को आयोजित किसान महापंचायत में किसानों और मजदूरों की भारी भीड़ उमड़ी। महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शिरकत की और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी

महापंचायत की विशेष बात यह रही कि इसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई महिलाओं ने मंच से अपनी परेशानियाँ रखीं और कृषि व घरेलू स्तर पर सामने आ रही दिक्कतों को साझा किया।

टिकैत का सरकार पर हमला

राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार सिर्फ जीएसटी की बात करती है, लेकिन अब तक किसी भी वस्तु की कीमत कम नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों और समाज को आपस में लड़वाने का काम कर रही है। मेरठ घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक जाति के लोगों को आपस में भड़काकर टकराव की स्थिति बनाई गई।

बाढ़ और खेती की समस्या

गंगा किनारे रहने वाले किसानों की समस्या पर टिकैत ने कहा कि हर साल बाढ़ से किसान तबाह हो जाते हैं, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मांग की कि गंगा किनारे बंधा बनाया जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बंधा नहीं बना तो किसान धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।

जमीन महंगी, फसल सस्ती – कहां का न्याय?

किसानों की आर्थिक हालत पर बात करते हुए टिकैत ने कहा कि आज जमीनें महंगी हो गई हैं लेकिन किसानों की फसलों का दाम बेहद कम मिलता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह किस तरह का न्याय है कि मेहनत करने वाले किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा।

एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहण पर आपत्ति

महापंचायत में किसानों ने गंगा एक्सप्रेसवे से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे का भी मुद्दा उठाया। किसानों ने आरोप लगाया कि इस परियोजना के लिए उनकी जमीनें औने-पौने दाम पर अधिग्रहित की जा रही हैं, जबकि बाजार दर कहीं अधिक है।

किसानों का ऐलान

महापंचायत में तय हुआ कि यदि किसानों की मांगों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। टिकैत ने कहा कि किसान और मजदूर एकजुट रहेंगे और अपनी समस्याओं का समाधान लेकर रहेंगे।

Translate »