दिल्ली-NCR से लेकर यूपी-बिहार तक ठंड ने ली एंट्री, बढ़ी ठिठुरन और कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर भारत
देशभर में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है. हल्की गुलाबी ठंड के बाद अब सर्द हवाएं अपना असर दिखाने लगी हैं. दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में सुबह-शाम की ठिठुरन महसूस की जा रही है. वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट होगी, जिससे कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी. दिल्ली-NCR में बारिश से गिरा पारा दिल्ली-NCR में बीते 24 घंटे में हुई हल्की बारिश ने मौसम का रुख पूरी तरह बदल दिया है. जहां एक तरफ बूंदाबांदी से हवा में नमी बढ़ी है, वहीं तापमान में गिरावट आने से लोगों को अब सर्दी का अहसास होने लगा है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए ठिठुरन बढ़ने की चेतावनी जारी की है. हालांकि, प्रदूषण अब भी दिल्ली वालों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है. बारिश के बावजूद हवा की क्वालिटी में खास सुधार नहीं दिखा है और लोग सांस लेने में परेशानी महसूस कर रहे हैं. IMD के अनुसार, 6 से 10 नवंबर के बीच तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे सर्दी का असर साफ तौर पर महसूस होगा. यूपी-बिहार में गिरता तापमान दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में भी ठंड धीरे-धीरे दस्तक दे चुकी है. सुबह-सुबह कोहरे की चादर छाने लगी है, जिससे विजिबिलिटी घट गई है और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ रही है. लखनऊ में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन कई जिलों में हल्की धुंध बनी रह सकती है. बिहार में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं कई इलाकों में सुबह के समय गाढ़ा कोहरा छाया हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक बिहार में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी. उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में मंगलवार को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है और लोगों को शीतलहर का असर महसूस होने लगा है. देहरादून और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने यहां के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है. पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि बारिश और बर्फबारी से यातायात प्रभावित हो सकता है. अगले 24 घंटों के लिए IMD ने बारिश और ठंड दोनों का अलर्ट जारी किया है.

