छतरपुर (मध्यप्रदेश)।
मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नौगांव थाना क्षेत्र की एक युवती ने आरोप लगाया है कि तीन युवकों ने कट्टे की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके भाइयों के साथ मारपीट भी की। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है और आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट उसके बताए अनुसार दर्ज नहीं की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने महिला थाने को जांच के निर्देश दिए हैं।
जंगल में ले जाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के मुताबिक, 1 अक्टूबर को वह बैंक जा रही थी, तभी नरेश, चंदन और मनीष अहिरवार नामक तीन युवक उसे रास्ते में मिले। युवती का आरोप है कि तीनों ने उसे कट्टा दिखाकर जबरन दौरिया के जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी युवती को बापू कॉलेज के पास छोड़कर फरार हो गए। उसी समय युवती के भाइयों ने उसे देखा और जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
मारपीट का वीडियो भी आया सामने
घटना के बाद 1 अक्टूबर को बापू डिग्री कॉलेज के पास हुई इस मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। शिकायत के बाद पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केवल मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया और एक आरोपी को हिरासत में लिया था।
“सरपंच दे रहा है धमकी”
पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने उसकी दुष्कर्म की शिकायत उसके बताए अनुसार दर्ज नहीं की। उसका यह भी आरोप है कि गांव का सरपंच राजेश अब उसे धमकी दे रहा है। “सरपंच राजेश मेरे घर आकर कट्टा दिखाकर कह रहा है कि अगर मैंने शिकायत की तो मुझे जान से मार देगा।” — पीड़िता
थाना प्रभारी बोले – शिकायत के अनुसार ही दर्ज की गई रिपोर्ट नौगांव थाना प्रभारी बाल्मीकि चौबे ने बताया कि युवती की पहली शिकायत के अनुसार ही कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय केवल मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
एसडीओपी बोले – महिला थाने को दिए जांच के निर्देश
इस मामले पर एसडीओपी अमित मेश्राम ने कहा, “युवती की नई शिकायत पर महिला थाने को जांच के निर्देश दिए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।” फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।पीड़िता ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।



