मौसम विभाग की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में दो अलग-अलग दबाव प्रणालियों के बनने के बाद अगले कुछ दिनों में एक गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह तूफान 28 अक्टूबर को शाम तक आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के आसपास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच पहुंच सकता है. इसके चलते कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-NCR में आज मौसम साफ
दिल्ली और एनसीआर के मौसम पर नजर डालें तो आज यानी 26 अक्टूबर को यहां मौसम साफ रहेगा. दिन के समय धूप खिली रहेगी, लेकिन शाम तक तापमान में गिरावट आएगी. वहीं, 27 और 28 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे छठ पूजा के दौरान लोगों को सावधानी बरतनी पड़ सकती है.
पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में इस साल बर्फबारी समय से पहले ही शुरू हो गई है. तापमान में अचानक गिरावट के चलते कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है.
मनाली, लाहौल-स्पीति और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. यह पर्यटकों के लिए रोमांचक तो है, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए चुनौतियों भरा साबित हो सकता है.
यूपी-बिहार में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज बारिश की संभावना लगभग नहीं है. दिन में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16-18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. हवा की रफ्तार 20-25 किमी/घंटा के बीच और दिशा उत्तर-पश्चिमी होने की संभावना है.
बिहार में भी मौसम अधिकांश हिस्सों में शुष्क रहेगा. 26 अक्टूबर को राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश होने की संभावना नहीं है. हालांकि, 29 से 31 अक्टूबर के बीच बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवात के उत्तर की ओर बढ़ने से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कल का मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह को कोहरा या धुंध छा सकती है. यहां का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17-19 डिग्री के बीच रहेगा.





