देश के कई हिस्सों में ठंड ने दस्तक दे दी है और खासकर उत्तर और पश्चिमी भारत में इसका असर महसूस किया जा रहा है. दिल्ली-NCR में दिवाली के बाद से सुबह के समय धुंध और हल्की कोहरे की चादर छाई रहती है. मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह भी राजधानी में कई जगह हल्की धुंध देखने को मिलेगी.
हालांकि दोपहर तक आसमान साफ होने की संभावना है और तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, रात का न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा. दिनभर हवा की गति भी 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की दर से रहेगी.
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क लेकिन ठंडक बढ़ी
उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहेगा, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है. हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार को हल्की बूंदाबादी की संभावना जताई गई है.
उत्तराखंड में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. देहरादून समेत पहाड़ी इलाकों में बारिश की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का अनुमान है. मौसम विभाग ने बताया कि पर्वतीय इलाकों में होने वाली बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी हिस्सों में भी देखा जा सकता है, जिससे तापमान में गिरावट होगी. देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है.



