दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है. पीड़िता के साथ ये वारदात उस समय हुई जब वह अपने कॉलेज जा रही थी. छात्रा पर यह हमला नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के लक्ष्मीबाई कॉलेज के पास रविवार को हुआ. पीड़िता दिल्ली यूनिवर्सिटी सेकेंड ईयर में पढ़ रही थी. आरोपियों ने तेजाब पीड़िता के चेहरे पर फेंका था, लेकिन छात्रा ने अपने हाथों से चेहरा ढक लिया. इस हमले में पीड़ित छात्रा के हाथ जल गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे हुई. हमले के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने लड़की को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक पीड़िता के हाथों में चोटें आई है. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.
3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक मुकुंदपुर की रहने वाली 20 साल की एक लड़की पर एसिड अटैक हुआ है. पीड़िता सेकेंड ईयर (नॉन-कॉलेज) की स्टूडेंट है. वह रविवार को अपनी क्लास लेने के लिए लक्ष्मीबाई कॉलेज अशोक विहार जा रही थी. जब वह कॉलेज की तरफ जा रही थी तभी उसकी जान-पहचान का जितेंद्र (मुकुंदपुर निवासी) अपने साथियों के साथ बाइक पर वहां पहुंच गया. जितेंद्र के साथियों की पहचान ईशान और अरमान के रूप में हुई है.
चेहरे पर फेंका तेजाब
पीड़िता के मुताबिक ईशान ने अरमान को एक बोतल थमाई, जिसमें एसिड भरा हुआ था. अरमान ने वो तेजाब उसके (लड़की के) चेहरे की तरफ फेंक दिया. वह अपना चेहरा बचाने के लिए हाथों से ढंक लिया. जिसकी वजह से उसका चेहरा तो बच गया लेकिन हाथ जल गए. वारदात के बाद सभी आरोपी बाइक से फरार हो गए.
कुछ दिनों पहले लड़की की हुई थी बहस
पुलिस ने लड़की के हवाले से जानकारी दी कि आरोपी जितेंद्र उसका पीछा किया करता था. एक महीने पहले ही दोनों के बीच जमकर बहस हुई थी.
एबीवीपी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. संगठन ने हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से दोषियों की तत्काल पहचान और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
एबीवीपी दिल्ली प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा पर लक्ष्मीबाई महाविद्यालय के बाहर हुआ एसिड अटैक बेहद भयावह और निंदनीय घटना है. विश्वविद्यालय परिसर, जहां महिला सशक्तीकरण की बातें की जाती हैं, वहीं ऐसी घटनाएं समाज और विश्वविद्यालय दोनों को शर्मसार करने वाली हैं. एबीवीपी छात्रा को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी.
फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है. तीनों आरोपी अभी भी फरार बताये जा रहे हैं.




